पिथौरागढ़,।

जनगणना के द्वितीय चरण के सफल एवं व्यवस्थित संचालन के लिए जनपद के सरस्वती देव सिंह राजकीय इंटर कॉलेज पिथौरागढ़ में प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। 22 से 24 अक्टूबर 2026 तक आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में आज जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने पहुंचकर प्रशिक्षण का निरीक्षण किया तथा प्रशिक्षुओं को संबोधित किया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के उचित वितरण तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने तथा जनगणना से संबंधित प्रक्रियाओं, निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं तकनीकी पहलुओं को भली-भांति समझने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना कार्य में शुद्धता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष महत्व है। इसलिए सभी कार्मिक प्रशिक्षण के दौरान अपनी शंकाओं का समाधान अवश्य कर लें, ताकि वास्तविक कार्य के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने निर्देशित किया कि जनगणना से संबंधित दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं सावधानी के साथ किया जाए तथा निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान प्रत्येक स्तर पर आपसी समन्वय बनाए रखना आवश्यक है। प्रगणक एवं सुपरवाइजर अपने दायित्वों को स्पष्ट रूप से समझते हुए कार्य करें, जिससे जनगणना प्रक्रिया को त्रुटिरहित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जा सके।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, तहसीलदार विजय गोस्वामी, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य बहादुर सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।