बागेश्वर। कपकोट के गोगिना में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई है। चौथे किशोर की तलाश की जा रही है। हादसा सोमवार की दोपहर का है। क्षेत्र में संचार सुविधा लचर होने के कारण प्रशासन तक खबर देर से पहुंची। सूचना मिलने के बाद आपदा प्रबंधन, रेग्युलर पुलिस, राजस्व पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है। चौथे किशोर की खोजबीन का कार्य जारी है। हादसे में जान गंवाने वाले तीन किशोर घर के इकलौते चिराग थे। मिली जानकारी के अुनसार गोगिना निवासी अभिषेक पुत्र त्रिलोक सिंह रौतेला, अजय पुत्र नारायण सिंह रौतेला और पंकज पुत्र दुर्गा सिंह टाकुली तीनों हल्द्वानी से पढ़ाई करते थे। इन दिनों वह गर्मी की छुट्टियां बिताने गांव आए थे। सोमवार को गांव के ही एक अन्य किशोर विक्रम पुत्र नारायण सिंह दानू के साथ नहाने के लिए ‌पर्थीरौला गधेरे में गए थे। जहां चारों डूब गए। काफी देर तक जब किशोर घर नहीं लोटे तो उनकी खोजबीन की गई। इस दौरान एक किशोर की लाश गधेरे में बने तालाब में तैरती दिखी। जिसके बाद ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला। खोजबीन के दौरान दो अन्य शव भी बरामद किए गए। हादसे में मारे गए अ‌जय, अभिषेक और पंकज तीनों के शव ग्रामीणों ने पानी से बाहर निकाले। विक्रम का अब तक पता नहीं चल सका है। इधर हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।