हरिद्वार। महिला को कार में लिफ्ट लेना भारी पड़ गया। उसकी छह साल की बेटी के साथ चलती कार में सामूहिक दुष्‍कर्म हुआ। बच्‍ची की हालत गंभीर बनी हुई है और आरोपित पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
जानकारी के मुताबिक रुड़की के कलियर क्षेत्र निवासी एक महिला की छह साल की बेटी से चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार देर रात की है। बताया गया है कि महिला ने रुड़की आने के लिए एक कार में लिफ्ट ली थी। महिला के साथ उसकी छह साल की बेटी भी थी।
महिला कलियर रेन बसेरे में रहती है और भीख मांग कर गुजर करती है। घटना के बाद आरोपित उसे रुड़की के पास गंगनहर पटरी के पास छोड़कर फरार हो गए। महिला किसी तरह से कोतवाली सिविल लाइंस पहुंची और पुलिस को जानकारी दी।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपितों की रात भर तलाश की, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं लग पाया। बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उसका उपचार चल रहा है। महिला का कहना है कि जिस युवक से लिफ्ट ली थी। उसका नाम सोनू है और वह कलियर का रहने वाला है।आरोपितों की धरपकड़ के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही हैं। एसपी देहात परमिंदर डोभाल ने बताया कि आरोपितों की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही आरोपितों की धरपकड़ की जाएगी। सिविल लाइन कोतवाली में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।