बेरीनाग। पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग तहसील मुख्यालय से 15 किमी दूर चचड़ेत गांव में तेंदुए ने साढ़े तीन साल की बच्ची को अपना निवाला बना लिया। बच्ची का शव गांव से लगभग डेढ़ सौ मीटर दूर मिला। एसडीएम सहित पुलिस और वन विभाग की टीम गांव पहुंच गई है।तेंदुए के हमले के बाद ग्रामीण सहमे हुए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार चचड़ेत गांव में शनिवार की शाम लगभग 7.30 बजे बच्चे गो-त्यार मना रहे थे। पान सिंह की साढ़े तीन साल की बेटी भारती मां की पीठ पर थी। इसी दौरान तेंदुआ भारती को उठा ले गया। शोर मचाकर ग्रामीणों ने तेंदुए का पीछा किया लेकिन मासूम भारती का शव घर से लगभग डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर मिला। तेंदुए के हमले में बच्ची की मौत की सूचना मिलते ही विधायक फकीर राम टम्टा, भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरज बिष्ट, एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला, प्रभारी थानाध्यक्ष मनोज पांडेय, वन विभाग की रेंजर चंद्रा मेहरा ने गांव पहुंचकर मृतक बच्ची के माता-पिता को ढांढ़स बंधाया। इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।