पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ नगर के पुनेड़ी वार्ड में मादा तेंदुए का शव पड़ा मिला। वन विभाग ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम किया। मृत मादा की उम्र 13 से 14 माह थी। वन विभाग के अनुसार आपसी संघर्ष में तेंदुए की मौत हुई है। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह वार्ड संख्या 18 सेरा पुनेड़ी के पुनेड़ी क्षेत्र के घटयुडी तोक में लोगों को रास्ते के समीप एक तेंदुए का शव नजर आया। निवर्तमान सभासद ललित मोहन पुनेड़ा ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलने के बाद वन क्षेत्राधिकारी पूरन सिंह देउपा टीम के साथ मौके पर पहुंची। तेंदुआ मादा थी उसके सभी अंग सुरक्षित थे। उसके गले पर गहरे दांतों के घाव और शरीर पर खरोंच के निशान थे। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार तेंदुए के आपसी संघर्ष में मौत हुई होगी।