पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ के गांवों में इन दिनों चैतोल पर्व की धूम मची हुई है। सोमवार को जाखपंत गांव में चैतोल पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया गया। पूर्व सैनिक हरीश चंद्र पंत ने बताया कि खंडेनाथ मंदिर से एक साथ तीन छत्र निकले। जाखपंत, सिरकुच और मजिरकांडा के लोग हर साल बड़ी श्रद्धा के साथ देवछत्र घुमाते हैं। इस अवसर पर देवडांगर अवतरित होकर लोगों को आशीर्वाद देते हैं। चैतोल पर्व मनाने के लिए बड़ी संख्या में प्रवासी परिवार भी गांव आए हैं। चैतोल पर्व को लेकर बच्चे भी काफी उत्साहित रहे। मोहन पंत, दिवाकर पंत, फकीर सिंह, विक्रम सिंह, मनीष पंत आदि ने विशेष रूप से सहयोग दिया। इसके अलावा सोरघाटी के अन्य गांवों में भी चैतोल पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। जिला मुख्यालय के लिंठ्यूड़ा और मूनाकोट के जाखपंत गांव में चैतोल पर्व की धूम मची है। लिंठ्यूड़ा की छात जयकारों के साथ भगवती और शिव मंदिर होते हुए धनौड़ा मंदिर पहुंची। यहां देवडांगरों ने लोगों को आशीर्वाद दिया। विण गांव में भी चैतोल पर्व धूमधाम से मनाया गया।