पिथौरागढ़। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से मलबा आने के कारण जिले की 22 सड़कें बंद हैं। पिथौरागढ़, गंगोलीहाट सहित कई स्थानों पर भूस्खलन होने से मकान खतरे की जद में आ गए हैं। धारचूला में काली नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर 889.00 मीटर से अधिक 889.50 मीटर पर पहुंच गया है।

पिथौरागढ़ – घाट एनएच में पत्थर गिरने से यातायात बाधित रहा। इसके चलते दिन में घंटों तक यात्री वाहनों में ही फंसे रहे। काली नदी का जल स्तर बढ़ने से धारचूला में झूलापुल एक घंटा देरी से सुबह 07 बजे खोला गया। दिन भर मूसलाधार बारिश जारी रहने से बाजारों में सुनसानी रही। जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ सहित कस्बाई बाजारों में भी कम ही लोग नजर आए। तापमान में गिरावट आने से जिले की उच्च हिमालयी क्षेत्र पंचाचुली,राजरंभा आदि चोटियों में बर्फबारी हुई है। रविवार को तापमान 19 डिग्री रहा। लोगों को गर्म कपड़े निकालने पड़े हैं।