पिथौरागढ़ । विकासखण्ड मुनस्यारी की न्याय पंचायत नाचनी में राजकीय इंटर कॉलेज नाचनी में शिविर का आयोजन जिलाधिकारी श्री आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में किया गया। शिविर में लगभग 650 व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया तथा 776 लाभार्थियों को विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में कुल 214 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 181 का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष 33 शिकायतों को सम्बन्धित विभागों को कार्यवाही हेतु प्रेषित किया गया।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम पूरे प्रदेश में संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनपद पिथौरागढ़ की कुल 64 न्याय पंचायतों में से अब तक 42 न्याय पंचायतों में शिविर आयोजित किए जा चुके हैं तथा आज न्याय पंचायत नाचनी में 43 वें शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर का मुख्य उद्देश्य विभागीय स्टालों के माध्यम से केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाना है। जिलाधिकारी ने कहा कि शिविर में स्थानीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा रखी जाने वाली समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। समस्याओं के शीघ्र निस्तारण हेतु विकास भवन में एक कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जिसके माध्यम से सभी प्रकरणों पर फॉलो-अप कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
विकासखण्ड डीडीहाट की न्याय पंचायत मसमोली में राजकीय इंटर कॉलेज मसमोली में शिविर का आयोजन जिला विकास अधिकारी श्रीमती रमा गोस्वामी की अध्यक्षता में किया गया। शिविर में लगभग 380 व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया तथा 538 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में कुल 50 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 36 का मौके पर ही निस्तारण किया गया तथा शेष 14 शिकायतों को सम्बन्धित विभागों को प्रेषित किया गया।
दोनों शिविरों में राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायत राज, कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, आयुष, पशुपालन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम, आधार, डेरी, मत्स्य, सहकारिता, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, यूसीसी, पेयजल, शिक्षा आदि विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। शिविरों में वृद्धावस्था, विधवा एवं विकलांग पेंशन, परिवार रजिस्टर, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जॉब कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं के आवेदन मौके पर ही कराए गए।शिविरों के दौरान जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा पेयजल, सड़क, विद्युत लाइन, स्मार्ट मीटर, आंगनबाड़ी केंद्र एवं पंचायत भवन निर्माण से सम्बन्धित समस्याएं रखी गईं। अधिकारियों द्वारा समस्याओं की सुनवाई करते हुए सम्बन्धित विभागों को त्वरित निस्तारण हेतु निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने कहा कि“हमारा लक्ष्य प्रत्येक नागरिक तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुँचाना है। ऐसे शिविर ग्रामीण जनता के लिए संवाद का अवसर हैं, जहां उनकी समस्याओं को मौके पर ही सुना और निस्तारित किया जा सके। आगामी शिविरों में हम व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि अधिक से अधिक शिकायतों का समाधान मौके पर ही किया जाए। मैं सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आग्रह करता हूँ कि वे सक्रिय रूप से ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण में सहयोग करें। इन प्रयासों से हम जनमानस में विश्वास बढ़ाने और शासन की कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ देने में सफल होंगे।”कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी एवं जिला विकास अधिकारी ने आगामी शिविरों के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

