लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस: डीएम भटगांई का औचक निरीक्षण, कार्रवाई शुरू*

*शासकीय दफ्तरों में ढिलाई बर्दाश्त नहीं: डीएम ने रोका वेतन, तलब किया स्पष्टीकरण

*कार्यालयों में अव्यवस्था पर डीएम का बड़ा एक्शन, अनुपस्थित कार्मिकों पर गिरी गाज*

जनपद पिथौरागढ़ में शासकीय कार्यालयों की कार्यप्रणाली, अनुशासन एवं स्वच्छता व्यवस्था को परखने हेतु जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई द्वारा आज विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनेक कार्यालयों में अव्यवस्थाएं एवं अनियमितताएं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।जिलाधिकारी द्वारा सर्वप्रथम जिला पंचायत कार्यालय का निरीक्षण किया गया, जहां कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की कमी, कई कार्मिकों के टेबल पर नाम पट्टिकाएं न होना तथा कुछ कार्मिकों का बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाया जाना सामने आया। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए अनुपस्थित पाए गए कार्मिकों से स्पष्टीकरण तलब करने एवं उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए, साथ ही व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने को कहा।इसके पश्चात जिला होमगार्ड कार्यालय के निरीक्षण में भी इसी प्रकार की कमियां पाई गईं। कार्मिकों के टेबल पर नाम पट्टिकाएं न होना, साफ-सफाई का अभाव एवं कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए शीघ्र सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।तत्पश्चात पशुपालन विभाग कार्यालय के निरीक्षण में नाम पट्टिकाओं का अभाव, साफ-सफाई की कमी तथा शिकायत पेटी में ताला न होना जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जिलाधिकारी ने शिकायत निवारण व्यवस्था को पारदर्शी, सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के स्पष्ट निर्देश दिए।मुख्य शिक्षाधिकारी कार्यालय के निरीक्षण में भी नाम पट्टिकाएं न होना, अलमारियों में सूची पट्टिका न होना तथा साफ-सफाई की कमी पाई गई। जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग के निर्माणाधीन भवन को शीघ्र पूर्ण कर उपयोग में लाने के निर्देश दिए, ताकि विभागीय कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें।निरीक्षण के दौरान जिला होमगार्ड कार्यालय एवं जिला विकास प्राधिकरण कार्यालय के मध्य स्थित गली में कूड़ा-कचरा एवं सीढ़ियों में अत्यधिक धूल पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने सभी विभागों को शासन की ई-ऑफिस प्रणाली के अंतर्गत अनिवार्य रूप से कार्य संपादन करने, प्रत्येक कार्मिक के टेबल पर नाम पट्टिका लगाने, अलमारियों पर सूची पट्टिका चस्पा करने, बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने, पंजिकाओं का नियमित संधारण करने तथा कार्यालयों में स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि अपने-अपने कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली के क्रियान्वयन की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें तथा कार्मिकों को आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराएं, ताकि कार्यों का निष्पादन समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली के उपयोग में कमी पाई जाएगी, वहां के कार्यालयाध्यक्षों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।अंत में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्यों में लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं अव्यवस्था किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागाध्यक्षों को अपने-अपने कार्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।