गंगोलीहाट। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को जन्माष्टमी महोत्सव में भाग लेने गंगोलीहाट पहुंचे। दशाईथल हेलीपैड में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। हेलीपैड से मुख्यमंत्री धामी ने महाकाली मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की। मंदिर में पूजा अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने एसएसबी डीडीहाट वाहिनी के अधिकारियों के साथ परिसर में एक पौधा लगाया। इसके बाद मुख्यमंत्री स्थानीय ब्यालपाटा मैदान में चल रहे जन्माष्टमी महोत्सव स्थल पर पहुंचे। महोत्सव में प्रतिभाग करने के बाद मुख्यमंत्री विकासखंड सभागार में भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री अपराह्न 3:15 बजे हेलीकॉप्टर से देहरादून के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए महोत्सव में भारी भीड़ उमड़ी है। भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, विधायक फकीर राम टम्टा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गंगोलीहाट पहुंचे हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की गई है। डीएम रीना जोशी, एसपी रेखा यादव, एसडीएम यशवीर सिंह, तहसीलदार राजेंद्र गोस्वामी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे।