हल्द्वानी। आयुक्त व सचिव मुख्यमंत्री, दीपक रावत ने शनिवार को जनसुनवाई कर मौके पर शिकायतों का समाधान किया। जन शिकायतों में अधिकांश शिकायतें, भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद व अतिक्रमण, सड़क, लोन आदि से सम्बन्धित आई।कैंप कार्यालय में विगत जनसुनवाई में नीतू बिष्ट ने बताया कि उन्होंने भूमि 6 लाख 53 हजार क्रय की थी उक्त भूमि की रजिस्ट्री हो गई थी लेकिन दाखिल खारिज में घनश्याम जोशी द्वारा आपत्ति लगा दी गई। जिस पर शनिवार को आयुक्त ने जनसुनवाई में नीतू बिष्ट एवं घनश्याम जोशी को तलब कर नीतू बिष्ट को 6 लाख 53 हजार की रजिस्ट्री शुल्क की धनराशि वापस दिलाई। जिस पर नीतू बिष्ट ने आयुक्त का आभार व्यक्त किया।गौजाजाली निवासी मनोज मठपाल, कृष्ण चन्द्र आदि ने बताया कि उनके क्षेत्र में बहने वाले नाले में लोगों द्वारा सीवरेज के नाले को गन्दे नाले में प्रवाहित किया जा रहा है जिससे लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। जिस पर आयुक्त ने सभी क्षेत्रवासियों से वार्ता कर सम्बन्धित को एक माह के भीतर सभी घरों में पिट बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा समय से कार्य नही होने पर सम्बन्धित के खिलाफ कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।पानसिंह निवासी अल्मोडा ने बताया कि कमलुवागांजा में उनके द्वारा एक प्लाट क्रय किया गया था उक्त प्लाट की रजिस्ट्री भी हो गई है जिससे प्लाट लिया था उनके द्वारा कब्जा नही दिया जा रहा है। जिस पर आयुक्त ने पटवारी एवं तहसीलदार की जांच के आधार पर पानसिंह को उनके प्लाट मे कब्जा दिलाया। जिस पर पान सिंह ने आयुक्त का आभार व्यक्त किया।