पिथौरागढ़/जम्मू। जम्मू कश्मीर में तैनात छड़नदेव निवासी सेना के हवलदार का निधन हो गया है। हवलदार का पार्थिव शरीर शुक्रवार दोपहर तक पिथौरागढ़ पहुंचेगा। निधन का समाचार सुनने के बाद परिजन सदमे में हैं।
कनालीछीना के छड़नदेव गैनाली गांव के हवलदार महेंद्र सिंह धामी(42) जम्मू कश्मीर के उधमपुर में तैनात थे। बृहस्पतिवार को सेना कार्यालय जम्मू से उनके पिता भीम सिंह धामी को फोन पर महेंद्र सिंह धामी के बाथरुम में फिसलकर सिर में चोट लगने से निधन का समाचार मिला। समाचार मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। शहीद हवलदार का परिवार बिण अशोकनगर में रहता है। परिवार में उनकी पत्नी मीना धामी, एक बेटी, माता पुष्पा धामी और पिता भीम सिंह धामी पूर्व सैनिक है। एक बहन का विवाह हो चुका है जबकि एक बहन दिल्ली से पढ़ाई कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतक जवान की पत्नी बच्ची के साथ घुघुतिया त्योहार मनाने हल्द्वानी गई हैं। पर्थिव देह शुक्रवार दोपहर पहले पिथौरागढ़ बिण स्थित आवास में लाई जाएगी। बाद में अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर पैतृक गांव छड़नदेव ले जाया जायेगा। सूचना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

हवलदार के निधन पर कैबिनेट मंत्री विशन सिंह चुफाल, विधायक चंद्रा पंत, पूर्व विधायक मयूख महर, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष बिरेंद्र वल्दिया, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह भंडारी सहित तमाम लोगों ने दुख व्यक्त किया है।