पिथौरागढ़। मूक वधिर महिला से दुष्कर्म कर गर्भवती करने वाले को कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दिनांक 20.03.2025 को कोतवाली पिथौरागढ़ क्षेत्रांतर्गत निवासी एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर दी कि सुरेश राम द्वारा उनकी बहन जो मूक वधिर है, के साथ दुष्कर्म कर उसे गर्भवती कर दिया है। तहरीर के आधार पर कोतवाली पिथौरागढ़ में बीएनएस की धारा 64(2)(k) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में और सीओ पिथौरागढ़ गोविन्द बल्लभ जोशी के पर्यवेक्षण में, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिथौरागढ़, ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा उक्त मामले की विवेचना शुरू की। दिनांक 21.03.2025 को वरिष्ठ उप निरीक्षक मदन सिंह बिष्ट, उप निरीक्षक बबिता टम्टा, हे0का0 विरेन्द्र जीना, का0 शेर सिंह द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी सुरेश राम उर्फ सुर्या पुत्र स्व. जमन राम निवासी पाभे पिथौरागढ़ उम्र 52 वर्ष को चंडाक रोड से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।