पिथौरागढ़। गंगोलीहाट तहसील के दूनी कस्बे में शराब की दुकान खोलने का विरोध तेज हो गया है। दो स्थानीय लोगों के शराब की दुकान खोलने के पक्ष में होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण महिलाओं और युवाओं में नाराजगी फैल गई। प्रदर्शनकारियों ने समर्थन कर रहे एक व्यक्ति की दुकान को घेर लिया। इसके बाद नारेबाजी करते हुए दूनी कस्बे में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। सभी ने एन एच किनारे एकत्रित होकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लंबे आंदोलन के बाद साल 2006 में क्षेत्र से देसी शराब की दुकान को हटाया गया था। अब फिर से अंग्रेजी शराब की दुकान खोलने की तैयारी की जा रही है, जिसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। जुलूस प्रदर्शन करने वालों में पूर्व जिला पंचायत सदस्य पूरन सिंह, निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य प्रदीप गिरी, उमेद सिंह,राजन सिंह, हयात सिंह, देव सिंह, मधुली देवी, शांति देवी, सीता देवी, आशा देवी, सरिता देवी, सीमा देवी, हीरा देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।

