पिथौरागढ़। राजस्व निरीक्षक और उपनिरीक्षकों ने दो सूत्रीय मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा न्यायालय के आदेश के खिलाफ बगैर संसाधन उपलब्ध कराए उनसे पुलिस कार्य कराए जा रहे हैं जो गलत है। जिला मुख्यालय की तहसील में संगठन के जिलाध्यक्ष विजय पंत के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए राजस्व निरीक्षक और उप निरीक्षकों ने कहा कि वे अंश निर्धारण के लिए अपने निजी मोबाइल का प्रयोग करने के लिए मजबूर हैं। लंबे समय से इस काम के लिए लैपटॉप और इंटरनेट के लिए डॉटा पैक देने की मांग की जा रही है इसे सरकार अनसुना कर रही है।न्यायालय ने मई महीने से राजस्व पुलिस का पूरा काम सिविल पुलिस को देने के आदेश दिए थे। अब भी उनसे पुलिस कार्य किया जा रहा है जो उनके हितों की अनदेखी है। चेतावनी देते हुए यदि उनकी दोनों मांगें नहीं मानी गईं तो वे पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार शुरू कर देंगे। प्रदर्शन करने वालों में देव गिरी, मदन मोहन जोशी, मनीषा पवार, योगिता जोशी, भूपेंद्र पंत, विजय शाह, मोहित चंद आदि शामिल रहे।