पिथौरागढ़।जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने जोहार घाटी महिला हथकरघा स्वायत सहकारीता संघ, मुनस्यारी (पिथौरागढ़) के वार्षिक अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।कार्यक्रम में पहुँचने पर संघ की महिलाओं ने जिलाधिकारी का पारंपरिक विधि-विधान से तिलक लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित ऊनी वस्त्रों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनके कार्यों की सराहना की। साथ ही समूह की महिलाओं ने अन्य अधिकारियों का भी पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।समूह संघ की अध्यक्षा तारा पांगती ने इस अवसर पर जिलाधिकारी को समस्त महिलाओं की ओर से कार्यक्रम में प्रतिभाग हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया तथा उनके पूर्व में किए गए विकास कार्यों एवं निरंतर सहयोग के लिए विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुनस्यारी क्षेत्र के विकास में जिलाधिकारी का विशेष ध्यान और प्रयास सराहनीय हैं। महिलाओं ने जिलाधिकारी के उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर प्रगति की कामना की।जिलाधिकारी ने इस अवसर पर महिलाओं को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि वे उनकी समस्याओं के समाधान हेतु पत्र के माध्यम से अवगत कराएँ ताकि वह एक रिकॉर्ड के तौर पर भी इस्तेमाल हो सके। उन्होंने महिलाओं को सरकार द्वारा आर्थिकी सुदृढ़ करने के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और उनसे इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।इस अवसर पर समूह की अध्यक्षा तारा पांगती की आत्मकथा (ऑटोबायोग्राफी) का विमोचन भी जिलाधिकारी द्वारा किया गया और जिलाधिकारी ने भी तारा पांगती का सम्मान किया। अंत में जिलाधिकारी ने समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित भोजन का स्वाद लिया।इस दौरान परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास आशीष पुनेठा, उपजिलाधिकारी मुनस्यारी खुशबू पाण्डेय, सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर जल निगम आर.एस. धर्मशक्तू, उप निदेशक मत्स्य रमेश चलाल सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।