पिथौरागढ़। 14 जनवरी से लापता जवान का शव जंगल से बरामद हुआ है। राजस्व विभाग ने शव का पंचनामा भरने के बाद मोर्चरी में रख दिया है।

मूल रूप से बागेश्वर जिले के गरुड़ कंस्यार निवासी राजेंद्र सिंह बोरा पुत्र लक्ष्मण सिंह बोरा 130 पर्यावरण बटालियन में तैनात था। 14 जनवरी को वह लापता हो गया था। इ स मामले में परिजनों की ओर से कोतवाली पिथौरागढ़ में गुमशुदगी दर्ज की गई थी। लापता जवान की खोजबीन के लिए पुलिस और प्रशासन ने ड्रोन व डॉग स्क्वाड की मदद भी ली थी, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया था। शनिवार को राजस्व विभाग को खतेड़ा के जंगल में शव पड़े होने की सूचना मिली। इस पर तहसीलदार पंकज चंदोला राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक की शिनाख्त लापता जवान राजेंद्र सिंह बोरा के रूप में हुई। शव के गले में फंदा था। इससे आत्महत्या का अंदेशा जताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक का परिवार वर्तमान में मोटाहल्दू हल्द्वानी में रहता है। तहसीलदार ने बताया कि मृतक जवान के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव मोर्चरी में रखा गया है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।