पहाड़ की पीड़ा, नारी के संघर्ष, राष्ट्रप्रेम और वैश्विक समस्याओं को कविताओं के माध्यम से डाॅक्टर आनंदी जोशी ने किया उजागर।

पिथौरागढ़। भारत नेपाल अंतर्राष्ट्रीय साहित्य मैत्री सम्मेलन में वरिष्ठ कवयित्री डाॅक्टर आनंदी जोशी के काव्य संग्रह बदलते मानदण्ड का विमोचन नगर निगम की मेयर कल्पना देवलाल, डाॅक्टर पीतांबर अवस्थी, नेपाल से आए साहित्यकारों, वरिष्ठ नागरिकों तथा ज्ञानप्रकाश संस्कृत पुस्तकालय समिति से जुड़े कवियों की मौजूदगी में किया गया। काव्य संग्रह में विविध विषयों पर लिखी गई 81 कविताएं हैं। कार्यक्रम में डाॅक्टर पीतांबर अवस्थी ने कहा कि इस काव्य संग्रह में पहाड़ की पीड़ा, नारी के संघर्ष, राष्ट्रप्रेम और वैश्विक समस्याओं को कविताओं के माध्यम से डाॅक्टर आनंदी जोशी ने उजागर किया है। वरिष्ठ पत्रकार दिनेश पंत ने बताया कि डाॅक्टर आनंदी के काव्य संग्रह की कविताएं समसामयिक विषयों और जन सरोकारों से जुड़ी हुई हैं। कविताएं पहाड़वासियों के दर्द, नारी की वेदना, मानवीय संवेदनाओं और विभिन्न राष्ट्रों के बीच संबंधों में हो रहे उतार चढ़ाव पर आधारित हैं। कार्यक्रम में मंजुला अवस्थी, महामंडलेश्वर हेमंतानंद पशुपति महाराज, एम सी जोशी, भक्तदर्शन पांडे, गीता जोशी, डाॅक्टर नीरज चंद्र जोशी, ज्योत्स्ना जोशी, सौरभ जोशी, रजनी जोशी, वशिष्ठ जोशी आदि उपस्थित थे।