पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले के लिए बहुत खुशी का समाचार है। इस वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर भारतीय सेना के घोषित गैलैन्टरी एवार्ड में कर्नल दीपक जोशी का नाम भी है। कर्नल दीपक भारतीय सेना के तोपखाना रेजीमेंट के सबसे युवा अधिकारी हैं, जिन्हें कश्मीर के दुर्गम क्षेत्रों में अदम्य साहस और कर्तव्य निष्ठा से देश सेवा हेतु विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया है।कर्नल दीपक जोशी जनपद पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट तहसील में पोखरी गांव के स्थाई निवासी हैं। इनकी प्राथमिक शिक्षा पिथौरागढ़ में ही सोरवैली पब्लिक स्कूल एवं बीयरशिवा स्कूल से हुई है। इंटरमीडिएट की परीक्षा इन्होंने आर्मी पब्लिक स्कूल लखनऊ से उत्तीर्ण की।  राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पिथौरागढ़ से स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण कर सी.डी.एस.परीक्षा पास कर भारतीय सेना के तोपखाना रेजीमेंट में शामिल हुए। सेना में विभिन्न परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करते हुए इन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त किया। संयुक्त राष्ट्र अमेरिका से भी एक कोर्स करने का सौभाग्य भी प्राप्त हुआ। वर्ष  2016 में सेना मुख्यालय दिल्ली में कार्यरत रहते हुए इन्हें उपसेना प्रमुख का प्रशंसा पत्र भी प्रदान किया गया। कर्नल दीपक जोशी के इस सम्मान से इनके गांव और क्षेत्र में बहुत खुशी की लहर है। दीपक के पिता जीडी जोशी पिथौरागढ़ में पेयजल निगम में कार्यरत हैं।