पिथौरागढ़। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में जनपद पिथौरागढ़ को एक नई उपलब्धि हासिल हुई है। पड़ौसी देश नेपाल में फार वैस्टर्न विश्वविद्यालय में आयोजित ” हेरिटेज, इन्नोवेशन एण्ड ट्रान्सफार्मेशन” विषय पर आयोजित तीन दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन में 23 देशों के शिक्षाविदों ने भाग लिया। सम्मेलन में मानस कालेज पिथौरागढ़ के चेयरमैन डा. अशोक कुमार पंत ने ” एण्टरप्रिनियरशिप फ्रॉम लोकल टू वोकल थ्रू टैडिशनल नॉलेज डेवलपममेंट ” विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया ।

इस अवसर पर फॉर वेस्टर्न विश्वविद्यालय नेपाल तथा मानस कालेज पिथौरागढ़ के मध्य एक एम० ओ० यू० भी हस्ताक्षरित हुआ जिसके अनुसार दोनों देशों के सम्बंधित कैम्पस के विद्यार्थी एवं प्राध्यापक उच्च शिक्षा एवं व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में पारस्परिक शैक्षिक आवागमन, अकादमिक संवर्द्धन, अभिदर्शन एवं शोध हेतु संयुक्त रूप से कार्य करेंगे । समझौते में फॉर वैस्टर्न विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो० हेमराज पंत तथा मानस कालेज के चेयरमैन डा० अशोक कुमार पत ने संयुक्त रूप से हस्ताक्षर किए जिसकी औपचारिक घोषणा भी सम्मेलन में की गई।

डा० अशोक पंत ने 23 एवं 24 मार्च को मानस कालेज में आयोजित होने वाली “परम्परागत ज्ञान एवं कौशल विकास ” पर आधारित राष्ट्रीय कार्यशाला हेतु कुलपति को आमंत्रित भी किया। एम० ओ० यू० हस्ताक्षरित होने पर मानस कालेज के विद्यार्थियों, प्राध्यापकों, प्रो० एन०एस० भण्डारी, डा० नीलाम्बर पुनेठा, प्रो० के० के० पाण्डे, कमला पंत, प्रो० अतुल जोशी समेत शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने इस बड़ी उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि सीमान्त जनपद में मानस कालेज के माध्यम से उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षा के नए द्वार खुलेंगे।