बास्ते में बहुद्देशीय शिविर आयोजित, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
फसलों को जंगली जानवरों से बचाने हेतु बायो-फेंसिंग के निर्देश
जनसुनवाई में पेयजल, सोलर लाइट व विज्ञान संकाय की मांगें प्रमुख
शासन की योजनाएं अंतिम छोर तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता: डीएम
प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत आज विकासखंड विण की न्याय पंचायत बास्ते में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई की अध्यक्षता में बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। तत्पश्चात उपस्थित जनप्रतिनिधियों को बैज अलंकरण एवं अंगवस्त्र भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया गया। शिविर में अध्यक्ष जिला पंचायत जितेंद्र प्रसाद, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोरा, वीरेंद्र बोरा, जिला पंचायत सदस्य भावना लोहिया सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम से पूर्व राजकीय इंटर कॉलेज बास्ते के छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने पारंपरिक छोलिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
जिलाधिकारी द्वारा शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण भी किया गया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति, लाभार्थियों की स्थिति तथा सेवा वितरण की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
इसके उपरांत जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों द्वारा विभिन्न समस्याएं, सुझाव एवं जनहित से जुड़े विषय जिलाधिकारी के समक्ष रखे गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ कार्य करना सुनिश्चित करें।
शिविर में विशेष रूप से जंगली जानवरों द्वारा फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने वन विभाग, उद्यान विभाग, कृषि विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर प्रभावित क्षेत्रों में बायो-फेंसिंग एवं वायर फेंसिंग प्रणाली के माध्यम से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त पेयजल व्यवस्था, सोलर लाइट स्थापना, लंगूर एवं बंदरों के आतंक से निजात, क्षतिग्रस्त आंगनबाड़ी केंद्रों के पुनर्निर्माण तथा राजकीय इंटर कॉलेज बास्ते में विज्ञान संकाय प्रारंभ किए जाने संबंधी मांगें भी दर्ज कराई गईं।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को प्राप्त सभी शिकायतों एवं मांगों का परीक्षण कर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने तथा पात्र मामलों में शीघ्र स्वीकृति एवं क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अंतिम छोर तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है, जिसे पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ साकार किया जाएगा।

