पिथौरागढ़, ।
स्विमिंग पूल से मैदान तक डीएम का औचक निरीक्षण, अधूरे कार्यों पर जताई कड़ी नाराज़गी
आज जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का सख्त स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चंडाक रोड निर्माणाधीन स्विमिंग पूल, ल्यूंठूड़ा मैदान, नेड़ा बास्ते में प्रस्तावित रजत जयंती पार्क तथा तिलढुकरी में प्रस्तावित ईवी चार्जिंग स्टेशन का नगर महापौर कल्पना देवलाल सहित स्थलीय निरक्षण किया ।
स्विमिंग पूल का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परिसर में चेंजिंग रूम, शौचालय, पार्किंग व्यवस्था तथा चारों ओर मजबूत फेंसिंग अनिवार्य रूप से कराई जाए ताकि सुरक्षा और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित हो सकें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधूरा कार्य किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इसके बाद जिलाधिकारी ने ल्यूंठूड़ा मैदान का निरीक्षण किया, जहां कार्यों की धीमी प्रगति पर उन्होंने कड़ी नाराज़गी व्यक्त की। कार्य लंबित पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता पर लेकर तत्काल पूरा कराया जाए तथा मैदान को जल्द से जल्द गांववासियों एवं आम जनता के उपयोग हेतु उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने नेड़ा बास्ते में प्रस्तावित पार्किंग एवं रजत जयंती पार्क का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े इस कार्य को तत्काल प्रारम्भ कर निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए, किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं।
अंत में तिलढुकरी में प्रस्तावित ईवी चार्जिंग स्टेशन के स्थल का भी निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने इसे पर्यावरण संरक्षण तथा इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार का महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त चार्जिंग स्टेशन स्थापित होने से आम नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस दौरान नगर महापौर श्रीमती कल्पना देवलाल ने भी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाएं उच्च गुणवत्ता एवं तय समय सीमा में पूर्ण की जाएं।
महापौर ने रजत जयंती पार्क को माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के प्रमुख विकास प्रोजेक्टों में से एक बताते हुए कहा कि निर्माण पूर्ण होने के बाद यह पार्क कुमाऊं क्षेत्र का सबसे बड़ा पार्क होगा और नगर की एक महत्वपूर्ण पहचान बनेगा। उन्होंने कहाँ कि तिलढुकरी में प्रस्तावित ईवी चार्जिंग स्टेशन को पर्यावरण संरक्षण एवं इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार का महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त चार्जिंग स्टेशन स्थापित होने से आम नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
इस दौरान सहायक नगर आयुक्त राजदेव सिंह, पार्षद ल्यूंठूड़ा राहुल लुंठी, रई पार्षद मोहित चौंसाली, शिव विहार वार्ड पार्षद भूपेंद्र कठायत, न्यू तिलढुकरी पार्षद नीरज कोठारी, भूपाल सौन सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
