डीडीहाट (पिथौरागढ़)। शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और डिजिटल कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) डीडीहाट में आयोजित दो चरणीय ‘ब्लेंडेड एजुकेशन स्किलिंग ट्रेनिंग’ (Blended Education Skilling Training) कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हो गया। 9 मार्च से 18 मार्च 2026 तक चले इस सघन प्रशिक्षण शिविर में जनपद पिथौरागढ़ के विभिन्न जूनियर हाई स्कूलों के 175 शिक्षकों ने हिस्सा लिया और भविष्य की डिजिटल शिक्षा की बारीकियों को सीखा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को दो मुख्य चरणों (प्रथम चरण: 9-13 मार्च और द्वितीय चरण: 14-18 मार्च) में विभाजित किया गया था। इस दौरान शिक्षकों को वर्तमान समय की मांग के अनुरूप विभिन्न डिजिटल टूल्स जैसे क्लाउड स्टोरेज, स्प्रेडशीट, असेसमेंट टूल्स, साइबर सिक्योरिटी, कॉपीराइट, क्रिएटिव कॉमन्स, AI, ऑडियो-वीडियो एडिटिंग, मीटिंग एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग टूल्स, लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (LMS), प्रेजेंटेशन और ड्राइंग टूल्स पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया।
कार्यक्रम के सफल संचालन की जिम्मेदारी कार्यक्रम समन्वयक श्री गोकर्ण लोहिया ने निभाई। समापन अवसर पर उन्होंने सभी प्रतिभागी शिक्षकों से अपील की कि इस प्रशिक्षण में अर्जित ज्ञान और तकनीकी कौशल को केवल स्वयं तक सीमित न रखें, बल्कि इसे सीधे तौर पर बच्चों तक पहुँचाएं ताकि सरकारी स्कूलों के छात्र भी आधुनिक तकनीक में निपुण हो सकें।
डाइट प्राचार्य श्री भाष्करानन्द पांडे ने कार्यक्रम की भव्य सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों और आयोजन टीम को बधाई दी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि ‘ब्लेंडेड एजुकेशन’ आज के समय की अनिवार्य आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षकों से इन कौशलों को कक्षा शिक्षण में उतारने के लिए हर संभव प्रयास करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने में मास्टर ट्रेनर के रूप में विनोद बसेड़ा, भुवन उपाध्याय, संजीव उप्रेती, मनोज बोरा, जगदीश चौहान, संजय पंत और सचिन चौहान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समापन के अवसर पर श्री राजेश पाठक, रामकुमार साहू, पुनीत जोशी सहित संस्थान के अन्य स्टाफ और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
