पिथौरागढ़ । देर शाम जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, जिला आपूर्ति अधिकारी विजय कुमार एवं अन्य अधिकारीयों के साथ जनपद में संचालित गैस वितरण व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा हेतु बैठक आहूत की । बैठक में गैस आपूर्ति की स्थिति, वितरण प्रणाली, उपभोक्ताओं को हो रही समस्याओं तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं जिला पूर्ति विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जनपद में कहीं भी गैस वितरण में अनियमितता, कालाबाजारी अथवा घरेलू गैस सिलेंडरों का वाणिज्यिक उपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।बैठक में यह निर्णय लिया गया कि नगर क्षेत्र को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा तथा प्रत्येक सेक्टर के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की जाएगी।

*पिथौरागढ़ नगर क्षेत्र को 08 सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा। प्रत्येक सेक्टर में 05 वार्डों को सम्मिलित किया जाएगा। प्रत्येक सेक्टर के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की जाएगी, जो अपने-अपने सेक्टर में गैस वितरण की पारदर्शिता, सुव्यवस्था एवं निगरानी के लिए पूर्ण रूप से जिम्मेदार होंगे।

*उन्होंने निर्देश दिए कि गैस एजेंसियों द्वारा निर्धारित नियमों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाए तथा वितरण प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी एवं व्यवस्थित रखा जाए। साथ ही, सभी अधिकारी नियमित रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चलाएंगे और यह सुनिश्चित करेंगें कि पात्र उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो।जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि गैस वितरण से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए प्रभावी तंत्र विकसित किया जा रहा है, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।