पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय के नजदीकी गणकोट के सुकोली गांव का एक युवा सैनिक सिक्किम में शहीद हो गया। जवान विकास कुमार 19 कुमाऊं में लांस नायक के पद पर कार्यरत था। तीन रोज पूर्व 29 तारिक को गश्त के दौरान विकास अपने दो अन्य साथियों के साथ हिमस्खलन की चपेट में आ गया, उसके दो साथी सुरक्षित बच गए, जबकि विकास कुमार शहीद हो गया। शहीद अपने पीछे पत्नी प्रीति, 8 माह का बच्चा, पिता गणेश राम, माता मंजू देवी और एक बड़े भाई को छोड़ गया है
माता मंजू देवी भोजन माता के रूप में कार्यरत हैं। बताया गया है कि जवान का पार्थिव शरीर जम्मू कश्मीर से दिल्ली तक वायुयान से लाया जा रहा है। वहां से एंबुलेंस के जरिए पिथौरागढ़ लाया जाएगा। गणकोट गांव के ग्रामीणों ने आज कलेक्टेट पहुंचकर जिला अधिकारी से जवान का पार्थिव शरीर दिल्ली से वायुयान के जरिए पिथौरागढ़ लाये जाने की मांग की। जवान के शहीद होने की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर छा गई है। तमाम लोग शहीद के घर पहुंच कर दुख व्यक्त कर रहे हैं। जवान का पार्थिव शरीर कल पिथौरागढ़ पहुंचने की उम्मीद है।
