पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देशों के क्रम में जनपद में गैस सिलेंडर की जमाखोरी एवं कालाबाजारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए आज संयुक्त टीम द्वारा व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया।इस अभियान में उपजिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम एवं जिला आपूर्ति अधिकारी विनय कुमार की टीम द्वारा पिथौरागढ़ नगर सहित बिण एवं रई क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया गया।छापेमारी के दौरान विभिन्न स्थानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग एवं अवैध भंडारण पाए जाने के मामले सामने आए। जीतेन्द्र वर्मा की टीम द्वारा मौके पर 7 गैस सिलेंडर एवं विनय कुमार की टीम द्वारा भी 7 गैस सिलिंडर कुल 14 गैस सिलिंडर बरामद किए गए तथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है और ऐसे मामलों में कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में किसी भी प्रकार की जमाखोरी एवं कालाबाजारी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं इस प्रकार की गतिविधियां संज्ञान में आती हैं तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें।
