पिथौरागढ़, पिथौरागढ़ में हर दिन पहुंच रहे हजारों सिलेंडर, घबराए नहीं प्रशासन की जनता से अपील
हर घर तक गैस पहुंचाने का संकल्प: प्रशासन अलर्ट, सप्लाई लगातार जारी
जनपद में गैस आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने हेतु जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला पूर्ति अधिकारी श्री विनय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते दिन बुधवार को गैस सिलेंडरों से भरी 9 गाड़ियाँ जनपद पिथौरागढ़ में पहुंचीं, जिनमें लगभग 1850 घरेलू गैस सिलेंडर लाए गए। गुरुवार को भी 12 गाड़ियों के माध्यम से करीब 2500 घरेलू गैस सिलेंडर जनपद में उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अतिरिक्त, शुक्रवार को सभवतः 14 गाड़ियों के जरिए लगभग 2900 घरेलू गैस सिलेंडर जनपद में पहुंचाए जाएंगे। जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि आज जनपद पिथौरागढ़ में लगभग 2700 घरेलु गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया है।जिला प्रशासन ने अवगत कराया है कि जनपद में पर्याप्त मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति निरंतर सुनिश्चित की जा रही है तथा सभी नागरिकों को व्यवस्थित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। अतः जनपदवासियों से अपील की गई है कि घबराने की आवश्यकता नहीं है और अनावश्यक रूप से लंबी कतारों में लगकर अपना समय व्यर्थ न करें। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि जनपद के प्रत्येक नागरिक को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए तथा वितरण व्यवस्था पूर्णतः सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संचालित हो। प्रशासन ने जनपदवासियों से धैर्य एवं संयम बनाए रखने तथा प्रशासन पर विश्वास रखने की अपील की है।जिलाधिकारी श्री आशीष भटगांई ने नगर पिथौरागढ़ को 8 सेक्टरों में विभाजित किया है। प्रत्येक सेक्टर के लिए एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जो अपने-अपने क्षेत्र में गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करेंगे। साथ ही, कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।जिला प्रशासन जनपद के प्रत्येक नागरिक तक गैस सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु प्रतिबद्ध है।
