पिथौरागढ़। धारचूला पिथौरागढ़ पंचशूल ब्रिगेड की कुमाऊं हिल पोर्टर कंपनी द्वारा छह अप्रैल से दस अप्रैल चार दिवसीय पोटर्स भर्ती का आयोजन सोमवार से शुरू हो गया है। पहले दिन 525 युवा दौड़ में सफल रहे।
इस भर्ती में देश के उत्तराखंड, राजस्थान, हरियाणा, यूपी,मध्यप्रदेश, की दो हजार से अधिक युवा भर्ती के लिए रविवार धारचूला पहुंच चुके है। सोमवार चार बजे सुबह से ही युवा कुमाऊ स्काउट की फायरिंग रेंज ग्राउंड में पहुंचने लगे और एक हजार युवाओं ने दौड़ में अपनी किस्मत आजमाया जिसमें 525 युवा दौड़ में सफल हुए जिनका सेना के मेडिकल अधिकारियों द्वारा मेडिकल सहित आगे की प्रक्रिया की जा रही है। शेष युवाओं की दौड़ मंगलवार को होगी। ये भर्ती चार दिन तक चलेगी जिसमें सफल 600 पोटर्स का 179 दिन तक का अस्थाई अनुबंध रहेगा।
बाहरी प्रदेशों से आए युवाओं ने प्रशासन की सराहना की
पोर्टर भर्ती की जानकारी होने पर एसडीएम आशीष जोशी ने विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं को लेकर बैठक कर सभी अधिकारियों को उचित व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि भर्ती में बाहरी प्रदेशों से आए युवाओं के लिए ब्लॉक सभागार,स्टेडियम, जीजीआईसी और जीआईसी आदि जगहों पर रहने के साथ पानी की व्यवस्था की गई है। रविवार को लगभग 500 से अधिक युवाओं ने इन जगहों रात्रि विश्राम किया। बाहरी प्रदेशों से युवाओं ने प्रशाशन की व्यवस्थाओं की सराहना की।
