पिथौरागढ़ |
आज देर शाम जिलाधिकारी श्री आशीष भटगांई की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय में आपूर्ति विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों, एवं गैस वितरण हेतु नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में गैस सिलेंडरों की उपलब्धता एवं विभिन्न क्षेत्रों में वितरण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों से जमीनी स्तर पर वितरण की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेते हुए व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि प्रत्येक उपभोक्ता को घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध कराते ही उसकी डीएसी (DAC) का तत्काल ऑनलाइन माध्यम से सत्यापन कर उसे सिस्टम में अनिवार्य रूप से फीड किया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना समाप्त हो सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस वितरण जैसी जनहित से जुड़ी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कालाबाज़ारी एवं जमाखोरी कतई स्वीकार नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है। इस संबंध में नियमित छापेमारी अभियान चलाकर उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा सहित 8 नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे, जबकि जनपद के अन्य उपजिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
