पिथौरागढ़। दारमा और व्यास घाटी के दस हजार से ऊपर की उच्च हिमालयी गांवों में रविवार को दोपहर बाद हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हुई। सोमवार को भी इन इलाकों में हिमपात हुआ। धारचूला में सोमवार शाम मूसलाधार बारिश हुई। लगातार दो दिनों से मौसम खराब होने के कारण ठंड काफी बढ़ चुकी है।
ग्राम होम स्टे संचालक अभिराज दताल ने बताया कि रविवार के बाद सोमवार को भी बर्फबारी हुई है। दिल्ली और यूपी से आए पर्यटकों ने बर्फबारी में मस्ती की। बीआरओ द्वारा सड़क सुचारु होने पर पंचाचुली यात्रियों की आवाजाही जारी है। उधर व्यास घाटी में सोमवार को गुंजी कुटी सहित अन्य गांवों में दो से तीन इंच तक बर्फबारी हुई है।
सोमवार को धारचूला में दोपहर बाद से बादलों की तेज गरज के साथ बारिश ही रही है जिसके कारण ठंड का अहसास हो रहा है। लोगों को गर्म कपड़े निकलने पड़ रहे हैं।
