जनपद पिथौरागढ़ पुलिस

जाजरदेवल पुलिस की बड़ी कार्रवाई — चोरी किया गया सोना बरामद

थाना जाजरदेवल क्षेत्र अंतर्गत बीसाबजेड़ में दिनांक 28.04.2026 को अलमारी से सोने के कीमती जेवर चोरी होने का मामला प्रकाश में आया था। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना जाजरदेवल में धारा 305 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
मामले में थाना जाजरदेवल पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व में एक युवक एवं एक युवती को गिरफ्तार किया गया था तथा घटना में प्रयुक्त एक सेकेंड हैंड अल्टो कार भी बरामद की गई थी। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई।
थानाध्यक्ष जाजरदेवल श्री मनोज पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मामले की गहन जांच एवं लगातार कार्रवाई की जा रही थी। विवेचना के दौरान एक स्वर्णकार प्रियांशु वर्मा निवासी श्रीपुर बिछुवा, उधमसिंहनगर का नाम प्रकाश में आया, जिसने चोरी के गहनों को खरीदकर उन्हें पिघला दिया था।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया सोना बरामद कर लिया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।