पिथौरागढ़ |

जनपद पिथौरागढ़ में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस एवं आयरन फोलिक एसिड (IFA) अनुपूरक कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला समन्वय समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों—स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास, पंचायतीराज, नगर निकाय एवं अन्य सहयोगी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम बच्चों एवं किशोरों के स्वास्थ्य सुधार से सीधे जुड़ा हुआ है, इसलिए इसे गंभीरता एवं समन्वय के साथ संचालित किया जाए।

जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अंतर्गत 1 से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों एवं किशोरों को एल्बेंडाजोल दवा खिलाई जाएगी, जिससे पेट में होने वाले कृमि संक्रमण को रोका जा सके। इसके साथ ही आयरन फोलिक एसिड अनुपूरक कार्यक्रम के माध्यम से एनीमिया की रोकथाम हेतु नियमित रूप से आयरन की गोलियों का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही, सभी लक्षित लाभार्थियों तक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अग्रिम योजना बनाकर कार्य किया जाए।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 एस.एस. नबियाल ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि जनपद में सभी ब्लॉकों में माइक्रोप्लान तैयार किया जा चुका है तथा दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित कर कार्यक्रम को शत-प्रतिशत सफल बनाया जाए।

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की प्रतिकूल प्रतिक्रिया की स्थिति में त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य से जुड़ा एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिसमें सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 एस एस नबियाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ0 निर्मल सिंह बसेड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगाई सहित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।