भवाली/हल्द्वानी। सेनेटोरियम-रातीघाट बायपास रोड पर ढैला गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी एक महिंद्रा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पति पत्नी उनके दो बच्चों और कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना 21 मई 2026 को अपराह्न लगभग 2:15 बजे हुई। महिंद्रा कार (वाहन संख्या UP 32 QU 1874) भवाली की ओर आ रही थी, तभी ढैला गांव से करीब 500 मीटर पहले चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे गहरी खाई में समा गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।

कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और SDRF टीम ने सभी शवों को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया।

मृतकों में खटीमा निवासी एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं। मृतकों की पहचान भूपेंद्र सिंह चुफाल (48), उनकी पत्नी सीमा (45), पुत्र वासु (19) और 12 वर्षीय पुत्री के रूप में हुई है। इसके अलावा लखनऊ निवासी वाहन चालक की भी मौत हो गई है।

मौके पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चन्द्र, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल तथा प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।