पिथौरागढ़,
आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की तैयारियों के संबंध में बुधवार को जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु विभिन्न विभागों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने, व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने तथा योग दिवस को जन-आंदोलन के रूप में मनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है तथा इसके माध्यम से स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा दिया जा सकता है। जिलाधिकारी ने विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ0 चंद्रकला भैसोड़ा ने बताया कि 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन के लिए जनपद पिथौरागढ़ में आयुष विभाग द्वारा विभिन्न जागरूकता एवं योग प्रोत्साहन कार्यक्रमों का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Aging” निर्धारित की गई है, जिसके अनुरूप जनपद भर में योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विविध गतिविधियां संचालित की गई हैं।
डॉ. भैंसोड़ा ने बताया कि योग दिवस के अंतर्गत हरित योग कार्यक्रम, योग पार्क स्थापना, ऑनलाइन योग सत्र, चेयर योग, रन फॉर योगा तथा विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। हरित योग कार्यक्रमों के तहत गुंजी, थल एवं नारायण आश्रम धारचूला में योग शिविरों के साथ स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवन शैली का संदेश दिया गया।
जनपद मुख्यालय स्थित वरदानी पार्क में योग पार्क की स्थापना की गई, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग योगाभ्यास कर रहे हैं। कार्यालयों, विद्यालयों एवं बैंकों में कर्मचारियों के तनाव प्रबंधन एवं स्वास्थ्य संवर्धन के उद्देश्य से चेयर योग कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इसके अतिरिक्त पिथौरागढ़ किले से ऑनलाइन योग एवं लाइव स्ट्रीमिंग कार्यक्रमों का सफल प्रसारण किया गया।
योग दिवस के प्रचार-प्रसार हेतु 15 जून को आयोजित “रन फॉर योगा” रैली में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, आईटीबीपी, पीआरडी एवं पुलिस जवानों सहित 650 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बुधवार को वरदानी योग पार्क में आयोजित विशेष योग सत्र में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की गरिमामयी उपस्थिति में जी.बी. पंत विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम में 70 से अधिक प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
21 जून 2026 को आयोजित होने वाले मुख्य अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम पिथौरागढ़ को प्रस्तावित स्थल के रूप में चयनित किया गया है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
उल्लेखनीय है कि आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के ई-आयुष सेवा पोर्टल पर अपलोड की गई गतिविधियों के आधार पर उत्तराखंड राज्य के सभी जनपदों में पिथौरागढ़ जनपद ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 से संबंधित गतिविधियों की सूची में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जो जनपद के लिए गौरव का विषय है।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी को मुख्य कार्यक्रम स्थल पर साउंड सिस्टम, एलईडी स्क्रीन के साथ ही मंच स्थापना, योग प्रशिक्षण हेतु मंच, योग मेट्स आदि व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये।
जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग ने जनपदवासियों से 21 जून को आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता कर योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की है।
इस दौरान एडीएम योगेन्द्र सिंह, समेत विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
