पिथौरागढ़। राज्य सरकार के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के द्वितीय चरण के अंतर्गत रविवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जे एस चुफाल के निर्देशन में विकासखंड मुनाकोट की ग्राम पंचायत मनकटिया में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गईं तथा विभाग से संबंधित प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में कुल 56 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें 29 पुरुष एवं 27 महिलाएं शामिल रहीं। गैर-संचारी रोग (एनसीडी) की जांच के तहत 21 लोगों की स्क्रीनिंग की गई।
क्षय रोग की पहचान एवं रोकथाम के उद्देश्य से 43 लोगों के डिजिटल चेस्ट एक्स-रे किए गए, जिनमें 20 पुरुष एवं 23 महिलाएं शामिल थीं। संदिग्ध मरीजों के 5 बलगम (स्पुटम) नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।
शिविर के दौरान 50 मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। वहीं, एक दिव्यांग प्रमाण पत्र के लिए नया आवेदन भी प्राप्त किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उनके घर के निकट उपलब्ध कराने के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं का लाभ भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
