पिथौरागढ़। राष्ट्रीय जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा के अंतर्गत शनिवार को आम उपकेंद्र क्वीरिजिमिया में सास-बहू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान सुश्री ईशा क्वीरियाल ने की। सम्मेलन में उपकेंद्र क्षेत्र के पात्र एवं लक्षित दंपतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


कार्यक्रम के दौरान पात्र एवं लक्षित दंपतियों में से बबीता देवी, पत्नी समर सिंह तथा उनकी सास द्रोपती देवी को सर्वश्रेष्ठ सास-बहू के रूप में चयनित कर सम्मानित किया गया।


एएनएम सरस्वती देवी ने बताया कि इस परिवार का चयन परिवार नियोजन के मानकों का आदर्श रूप से पालन करने के कारण किया गया। उन्होंने बताया कि दंपति ने विवाह के दो वर्ष बाद प्रथम संतान को जन्म दिया, प्रथम एवं द्वितीय संतान के बीच लगभग तीन वर्ष का अंतर रखा तथा दो बच्चों के बाद परिवार नियोजन की स्थायी विधि अपनाई। यही कारण रहा कि सर्वसम्मति से उन्हें सम्मान के लिए चुना गया। उन्होंने कहा कि यह परिवार पूरे गांव के पात्र एवं लक्षित दंपतियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों में भी सक्रिय भागीदारी निभाता है।


ग्राम प्रधान सुश्री ईशा क्वीरियाल ने सम्मानित सास-बहू को बधाई देते हुए कहा कि गांव के सभी पात्र एवं लक्षित दंपतियों को उनके आदर्श का अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतर रखने से मां और बच्चे दोनों का स्वास्थ्य बेहतर रहता है तथा परिवार अधिक स्वस्थ, सुरक्षित और खुशहाल बनता है। उन्होंने सभी पात्र दंपतियों से स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित परिवार नियोजन की आधुनिक एवं सुरक्षित सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।


कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) गीता पापड़ा, एएफ तनुजा कोरंगा, आशा कार्यकर्ता इन्द्रा देवी सहित दर्जनों पात्र एवं लक्षित दंपति उपस्थित रहे।