देहरादून। दिल्ली एयरपोर्ट का कस्टम अधिकारी और पुलिस अफसर बनकर साइबर ठगों ने एक महिला से 24 लाख रुपये हड़प लिए। ठगों ने महिला और विदेश में नौकरी करने वाले उनके पति की गिरफ्तारी का खौफ दिखाया था।टिहरी गढ़वाल के मुनि की रेती निवासी भगवती देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती 10 मार्च को फेसबुक के जरिए उनकी पहचान डॉ. शिवम सैनी नाम के प्रोफाइल धारक से हुई। उसने विदेशी व्हाट्सएप नंबर से बातचीत शुरू की और जल्द भारत आने की बात कही।

अगले दिन पीड़िता को कॉल आई। कॉलर ने खुद को दिल्ली एयरपोर्ट कस्टम विभाग का अधिकारी बताते हुए पीड़िता से कहा कि उनका एक परिचित एयरपोर्ट पर अवैध सोने और भारी नकदी के साथ पकड़ा गया है। वह आपका नाम ले रहा है। इसके बाद पुलिस अधिकारी बताते हुए दूसरी कॉल में मामले को रफा-दफा करने के लिए पैसे नहीं दिए तो महिला और मलेशिया के होटल में नौकरी करने वाले उसके पति को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। महिला ने पति से संपर्क किया पर तब बात नहीं हो सकी। इसके बाद महिला को धमकाकर अलग-अलग किस्तों में 24.04 लाख रुपये ठग लिए।