पिथौरागढ़ ।
जिला मजिस्ट्रेट आशीष कुमार भटगांई ने तहसील पिथौरागढ़ क्षेत्रान्तर्गत बोरागाँव-बसौड़ मोटर मार्ग पर हुई वाहन दुर्घटना के कारणों की मजिस्ट्रियल जाँच के आदेश दिए हैं। इस प्रकरण की विस्तृत जाँच के लिए उपजिला मजिस्ट्रेट, पिथौरागढ़ को जाँच अधिकारी नामित किया गया है।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) पिथौरागढ़ द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार, 04 मई 2026 की रात्रि बोरागाँव-बसौड़ मोटर मार्ग पर बसौड़ की ओर जा रहा महेन्द्रा कमान्डर डीआई वाहन (संख्या- UK05 5382) अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया था। इस दुखद हादसे में 01 व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी, जबकि 04 व्यक्ति घायल हो गए थे।
जिला मजिस्ट्रेट ने जाँच अधिकारी/उपजिला मजिस्ट्रेट पिथौरागढ़ को निर्देशित किया है कि वे दुर्घटना के सभी पहलुओं एवं कारणों की गहन जाँच कर अपनी विस्तृत आख्या शीघ्र प्रस्तुत करें। इसके साथ ही, उन्होंने निर्देश दिए हैं कि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए भी अपनी जाँच रिपोर्ट में ठोस सुझाव अनिवार्य रूप से शामिल करें।
