जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में दिए कड़े निर्देश

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं, कार्यक्रमों एवं विभागीय कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में लिंगानुपात की वर्तमान स्थिति पर स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता, नियमित निगरानी एवं समन्वित प्रयासों से ही लिंगानुपात में अपेक्षित सुधार लाया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने संस्थागत प्रसव की दर में वृद्धि को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला तक स्वास्थ्य सेवाओं की समय पर पहुंच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम एवं स्वास्थ्य कर्मियों को विशेष कार्ययोजना के तहत कार्य करते हुए अधिकाधिक संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी पात्र बच्चा एवं गर्भवती महिला टीकाकरण से वंचित न रहे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीमों को आपसी समन्वय के साथ लक्ष्य आधारित कार्य करने तथा टीकाकरण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

सरकार की महत्वाकांक्षी ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान को मिशन मोड में संचालित किया जाए। संभावित रोगियों की समय पर पहचान, जांच, उपचार एवं नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करते हुए जनपद को शीघ्र टीबी मुक्त बनाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं एवं अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के उच्च मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं आमजन से सीधे जुड़ा अत्यंत संवेदनशील विषय हैं। सभी अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सीएमओ डॉ0 जेएस चुफाल, डिप्टी सीएमओ डॉ0 प्रशांत कौशिक, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ0 निर्मल सिंह बसेड़ा, जिला शिक्षाधिकारी प्राथमिक हिमांशु नौगाई व संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।