कार्य के प्रति उदासीनता नहीं कि जाएगी बर्दाश्त
पिथौरागढ़। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे. एस. चुफाल ने जनपद के समस्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कार्मिकों की समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु पाण्डेय ने एनएचएम के अंतर्गत संचालित सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान प्रत्येक कार्यक्रम पर बिंदुवार चर्चा करते हुए उनकी प्रगति, चुनौतियों एवं आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चुफाल ने कहा कि एनएचएम के अंतर्गत संचालित सभी कार्यक्रम जनस्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी कार्मिकों को पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी एवं समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आपसी समन्वय के साथ बेहतर कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
