पिथौरागढ़।
 
साइबर ठगी के करोड़ों के खेल का भंडाफोड़,

कोतवाली बेरीनाग पुलिस ने साइबर सेल की मदत से म्यूल अकाउंट गैंग के 2 सदस्यों को दबोचा
 

 
जनपद पिथौरागढ़ में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पिथौरागढ़ साइबर सेल एवं कोतवाली बेरीनाग पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर ठगी के एक गंभीर एवं चौंकाने वाले मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने म्यूल अकाउंट का संचालन करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
एनसीआरपी (National Cyber Crime Reporting Portal) पर प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़, के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक साइबर सेल श्री नीरज भाकुनी के नेतृत्व में टीम द्वारा गहन जांच-पड़ताल की गई। जांच के दौरान दो ऐसे बैंक खातों की जानकारी मिली, जिनका उपयोग साइबर अपराधियों द्वारा ठगी की धनराशि के लेन-देन एवं उसे छिपाने के लिए किया जा रहा था।
पुलिस जांच में पाया गया कि एक खाते में ₹12,35,832 तथा दूसरे खाते में ₹1,04,96,483 की संदिग्ध धनराशि क्रेडिट हुई थी। जांच में स्पष्ट हुआ कि ये खाते “म्यूल अकाउंट” के रूप में इस्तेमाल किए जा रहे थे। म्यूल अकाउंट ऐसे बैंक खाते होते हैं जिनका उपयोग साइबर अपराधी अवैध रूप से प्राप्त धनराशि को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने अथवा उसके स्रोत को छिपाने के लिए करते हैं।
              मामले में कोतवाली बेरीनाग में धारा 318(4)/61(2) बीएनएस एवं 66D आईटी एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बेरीनाग श्री नरेश कुमार गंगवार द्वारा की गई जांच में पवन कुमार (22 वर्ष) निवासी ग्राम पौंसा, बेरीनाग, प्रियांशु कुमार (22 वर्ष) निवासी जाड़ापानी, कूलाखेत, पिथौरागढ़ तथा अमनदीप निवासी गणाई गंगोली, पिथौरागढ़ के नाम प्रकाश में आए।
              पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त प्रियांशु कुमार को हल्द्वानी स्थित अम्बेडकर पार्क, दमुवाढूंगा के पास से तथा पवन कुमार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
             मामले में विस्तृत जांच जारी है तथा अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के उपरांत माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
 
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बेरीनाग श्री नरेश कुमार गंगवार
हे0 का0 संजीव यादव
का0 चालक नरेन्द्र मेहता