पिथौरागढ़।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जनपद पिथौरागढ़ के समस्त नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीर शहीदों एवं महान राष्ट्रनायकों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का पावन पर्व है।

जिलाधिकारी ने कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों ने जिस साहस, समर्पण और राष्ट्रभक्ति के साथ देश की आजादी के लिए संघर्ष किया, उसे सदैव स्मरण रखते हुए हमें राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि प्रत्येक नागरिक अपने-अपने दायित्वों और कर्तव्यों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करे। उन्होंने कहा कि हम अपने कार्यक्षेत्र में पूरी लगन और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करके भी जनपद, प्रदेश और देश के विकास में अपनी सार्थक भागीदारी सुनिश्चित कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की संप्रभुता, अखंडता और एकता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है। हमें आपसी भाईचारे, सद्भाव और सहयोग की भावना को मजबूत करते हुए राष्ट्र की प्रगति में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से स्वतंत्रता दिवस को गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्वक मनाने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का आह्वान किया।