पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय से लगे इग्यारदेवी क्षेत्र के ग्राम सिरपोली-बजौड़ स्थित लाटा-भगराड़ा मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। ग्रामीणों के अनुसार 17 अगस्त 2026 की रात्रि अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर एक तांबे का तौला और एक तांबे की गगरी चुरा ली। घटना की सूचना संजय सिंह मेहता, मोहन सिंह मेहता व मदन सिंह मेहता द्वारा चौकी प्रभारी एन्चोली को लिखित रूप से दी गई है, जिसमें तत्काल जांच कर चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की गई है।
पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष कोमल मेहता ने इस घटना पर गहरी नाराज़गी जताते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से मंदिरों में चोरी की घटनाएं होती रही हैं। उन्होंने बताया कि कुछ समय पूर्व बजौड़ से सटे तोली गांव के मंदिर से भी इसी तरह तांबे का तौला और गगरी चोरी हुई थी, परंतु पुलिस आज तक उस मामले का खुलासा नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि बार-बार चोरी होने के बावजूद मामलों का अनावरण न होना निंदनीय है, जिससे क्षेत्रवासियों में पुलिस प्रशासन के प्रति रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
