हल्द्वानी में सोशल मीडिया पर दोस्ती कर मेरठ के युवक ने 17 वर्षीय किशोरी से दो साल तक दुष्कर्म किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
हल्द्वानी। एक बेहद संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी एक युवक ने सोशल मीडिया के ज़रिए 17 वर्षीय किशोरी से दोस्ती की और शादी का झांसा देकर लगातार दो साल तक उसका शारीरिक शोषण किया। पीड़िता की शिकायत पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो अधिनियम सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024 में हल्द्वानी निवासी किशोरी की मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से मेरठ निवासी सागर प्रजापति से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोस्ती गहरी हो गई। इसके बाद आरोपी लगातार हल्द्वानी और नैनीताल आता-जाता रहा। आरोप है कि वह शादी का झांसा देकर किशोरी को विभिन्न होटलों में ले जाता था और उसका शोषण करता रहा।
जुलाई 2025 में आरोपी ने अचानक किशोरी से संपर्क तोड़ दिया और उसका फोन उठाना बंद कर दिया। परेशान होकर पीड़िता आरोपी के मेरठ स्थित घर पहुँच गई। वहाँ आरोपी के परिजनों ने उसे आश्वासन दिया कि किशोरी के बालिग होते ही दोनों की शादी करवा दी जाएगी। इस भरोसे पर पीड़िता वापस हल्द्वानी लौट आई, लेकिन बाद में आरोपी और उसका परिवार अपने वादे से पूरी तरह मुकर गए।
धोखा मिलने के बाद पीड़िता ने परिजनों के साथ हल्द्वानी कोतवाली पहुँचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पोक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक विशेष टीम मेरठ भेजी गई है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
