पिथौरागढ़।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देशों के क्रम में आज अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने मोस्टमानू क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा निर्मित सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया।
उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी द्वारा सड़क की स्थिति एवं गुणवत्ता में सुधार को लेकर संबंधित अधिकारियों को पूर्व में सख्त निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर सड़क की गुणवत्ता एवं कार्य की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सड़क में पैच मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर अपर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क सुधारीकरण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि सड़क के गड्ढों की मरम्मत जल्द से जल्द की जाए ,और इस संबंध में रिपोर्ट पेश की जाए।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी के सख्त निर्देश हैं कि सड़क सुधारीकरण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने तथा कार्य की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
