पिथौरागढ़, ।

मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद पिथौरागढ़ के 08 विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तर पर आयोजित मुख्यमंत्री संवाद कार्यक्रम के लिए किया गया है। विद्यार्थियों में रचनात्मकता, तार्किक चिंतन, नवाचार एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से ‘विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के कक्षा 11 एवं 12 के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर अपने विचार एवं सुझाव निबंध के माध्यम से प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों द्वारा तैयार निबंधों को ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया गया, जिसके आधार पर राज्य स्तर पर विद्यार्थियों का चयन किया गया।

जनपद पिथौरागढ़ के 08 विद्यार्थियों के राज्य स्तर पर चयन होने पर जिलाधिकारी श्री आशीष भटगांई ने सभी चयनित विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को जनपद के लिए गौरव का विषय बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण पंत, जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगाई एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी चयनित छात्रों को शुभकामनाएं दी एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री तरुण पंत, जिला शिक्षा अधिकारी श्री हिमांशु नौगाई एवं शिक्षा विभाग की पूरी टीम को भी बधाई दी।

जनपद पिथौरागढ़ से चयनित विद्यार्थियों में भावना, रा.इ.का. मल्ला भैंसकोट; आयुष, रा.इ.का. जौलजीबी; मनीषा, रा.इ.का. दोबांस; प्रियंका, सूर्य मांटेसरी इंटर कॉलेज; कोमल, रा.इ.का. सेल; मुस्कान, स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल; विशाल, विवेकानंद गंगोलीहाट तथा ओजस्वी, रा.इ.का. गंगोलीहाट शामिल हैं।

चयनित सभी 08 विद्यार्थी अब राज्य स्तर पर आयोजित मुख्यमंत्री संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। विद्यार्थियों का राज्य स्तर पर चयन होना जनपद पिथौरागढ़ के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि जनपद के विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मक सोच, तार्किक क्षमता एवं नवाचार की भावना को प्रदर्शित करती है।