पिथौरागढ़,

भारत-चीन सीमा व्यापार के अंतर्गत आज तीसरे बैच में कुल 10 लोगों ने चीन में प्रवेश किया। इनमें 6 व्यापारी तथा 4 हेल्पर शामिल हैं। उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी ने बताया कि भारतीय व्यापारियों द्वारा चीन में व्यापार के लिए कुल ₹23 लाख 63 हजार मूल्य का सामान साथ ले जाया गया है।

उन्होंने जानकारी दी कि इसी पूर्ववर्ती बैचों में व्यापार हेतु चीन गए 9 व्यापारी चीन से भारत वापस भी लौटे हैं। वापसी के दौरान उनके द्वारा लाई गई व्यापारिक सामग्री का कस्टम विभाग द्वारा नियमानुसार विधिवत कस्टम क्लीयरेंस एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा आगामी व्यापारिक बैचों को भी चीन के संबंधित प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय एवं वार्ता करते हुए शीघ्र व्यापार के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। भारत-चीन सीमा व्यापार को सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए संबंधित विभागों के बीच आवश्यक समन्वय बनाए रखा जा रहा है।