पिथौरागढ़,।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में जिला गंगा सुरक्षा समिति की बैठक गत दिवस कैंप कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) परियोजनाओं की प्रगति, स्वच्छता व्यवस्था तथा कूड़ा निस्तारण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से एसटीपी परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में सीवेज प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एसटीपी परियोजनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी एसटीपी में निर्माण एवं अन्य संबंधित कार्यों में तेजी लाने तथा कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो। साथ ही कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और प्रगति की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कूड़ा एकत्रीकरण के लिए उपयुक्त स्थलों का चिन्हीकरण करने तथा चिन्हित स्थलों पर व्यवस्थित तरीके से कूड़ा एकत्र करने और उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने, सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई बनाए रखने तथा कूड़े का अनियंत्रित निस्तारण रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों को गंभीरता से लिया जाए। नालों एवं जलस्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने, अपशिष्ट पदार्थों का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने तथा आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए भी आवश्यक प्रयास किए जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि जनपद में स्वच्छ एवं बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।