पिथौरागढ़,

युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने का किया आह्वान

सुरेंद्र सिंह वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम, पिथौरागढ़ में आयोजित अंतर महाविद्यालयीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजकों को बधाई देते हुए प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास, संघर्ष करने की क्षमता तथा टीम भावना जैसे महत्वपूर्ण गुण विकसित होते हैं। खेल हमें हार-जीत को समान भाव से स्वीकार करना और चुनौतियों का सामना करना भी सिखाते हैं।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा अपनी ऊर्जा को खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर खेलों के माध्यम से अपने जनपद एवं प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों को पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के साथ ही उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना और आत्मविश्वास को भी बढ़ावा देती हैं।