पूर्व सैनिक संगठन के शहीद सम्मान अभियान के तहत शहीद हरीश कापड़ी सेना मेडल की 24वीं पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि, शहीद द्वार का भूमि पूजन एवं परिवार का सम्मान

पिथौरागढ़। पूर्व सैनिक संगठन द्वारा संचालित शहीद सम्मान अभियान के अंतर्गत आज वीर शहीद सिपाही हरीश कापड़ी सेना मेडल की 24वीं पुण्यतिथि पर उनके पैतृक गांव दौला में भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहीद को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके परिवार को हर सुख-दुःख में संगठन के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया गया।

यह शहीद परिवार त्याग, समर्पण और बलिदान की एक असाधारण मिसाल है। परिवार का इकलौता चिराग देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गया। एक मां ने देश के लिए अपनी इकलौती संतान का बलिदान दिया, वहीं महज 18 वर्ष की उम्र में अपना सुहाग खोने वाली वीरांगना श्रीमती कंचन कापड़ी ने अपने जीवन को शहीद पति की स्मृतियों और अपनी वृद्ध सास की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। दो दशकों से अधिक समय से उनका यह त्याग और समर्पण समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पक्ष रहा नगर निगम की मेयर श्रीमती कल्पना देवल जी द्वारा शहीद के पैतृक गांव दौला में उनके नाम पर बनने वाले शहीद द्वार का भूमि पूजन किया जाना। इस पहल से शहीद के परिवार एवं उपस्थित पूर्व सैनिकों में विशेष प्रसन्नता देखने को मिली। सभी ने इस सराहनीय पहल के लिए नगर निगम एवं मेयर महोदया का आभार व्यक्त किया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में 3 कुमाऊं रेजिमेंट की ओर से सु में गोविंद बल्लभ तथा नायब सूबेदार हयात सिंह साहब तथा पूर्व सैनिक संगठन की ओर से अध्यक्ष मयूख भट्ट ने पुष्पचक्र अर्पित कर वीर सपूत को नमन किया। सूबेदार मेजर रमेश सिंह महर साहब ने शहीद की वीरगाथा का वर्णन करते हुए उनके अदम्य साहस और बलिदान को याद किया। उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों एवं पूर्व सैनिकों ने भी अपने विचार व्यक्त कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर 3 कुमाऊं रेजिमेंट के पूर्व सैनिकों एवं पूर्व सैनिक संगठन की ओर से वीरमाता तथा वीरांगना श्रीमती कंचन कापड़ी को शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष मयूख भट्ट ने वीरांगना कंचन कापड़ी जी के अद्वितीय त्याग, समर्पण और सेवा भाव को देखते हुए उन्हें नारी सम्मान पुरस्कार से सम्मानित किए जाने का प्रस्ताव जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि शहीदों को श्रद्धांजलि देना हमारा कर्तव्य है, लेकिन उनके पीछे छूटे परिवारों के संघर्ष और त्याग को सम्मान देना भी समाज की उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी है। ऐसे परिवारों को केवल पुण्यतिथि पर याद करने के बजाय निरंतर सहयोग और सम्मान मिलना चाहिए।

संगठन ने उपस्थित जनसमुदाय से भी अपील की कि वे शहीदों के बलिदान और उनके परिवारों के त्याग को केवल स्मरण तक सीमित न रखें, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें।

कार्यक्रम में पूर्व पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दीपिका बोरा, भावना नगरकोटी, सभासद श्रीमती सैरौन नगरकोटी, तपन रावत सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूर्व सैनिक संगठन की ओर से सचिव दयाल सिंह, गिरधर खनका, प्रहलाद सिंह, महेश पांडे,उमेद सिंह,सुंदर सिंह,ललित मोहन जोशी,त्रिलोक सिंह,सुरेश पुनेरा सहित 3 कुमाऊं राइफल से लक्ष्मण सिंह वाल्दिया,संजय भट्ट सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने सहभागिता की।

भारत माता की जय और अमर शहीद के जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्ति और सम्मान की भावना से गूंज उठा।


You missed